फर्रुखाबाद:मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा विशेष दल ने मोहम्मदाबाद क्षेत्र में चलाया जागरूकता अभियान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 दिसम्बर 2025 महिला सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और महिलाओं-बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महिला सुरक्षा विशेष दल द्वारा आज कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र की महिलाओं व छात्राओं से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। टीम ने महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला सहायता नंबर 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 जैसे महत्वपूर्ण सरकारी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।

इसके साथ ही महिला सुरक्षा दल ने सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वावलंबन और आपात सहायता हेतु चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी दी। टीम ने उपस्थित महिलाओं को सशक्त बनने, आत्मरक्षा के उपाय अपनाने, और किसी भी अपराध या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की।

अभियान का उद्देश्य महिलाओं-बालिकाओं को न केवल अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना था, बल्कि उन्हें यह भरोसा दिलाना भी था कि पुलिस हर समय उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है।

स्थानीय लोगों ने मिशन शक्ति टीम के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करते हैं।