फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 10 दिसंबर 2025 कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों से तेल व अन्य कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस व एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हुई मुठभेड़ के दौरान एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस तथा ट्रांसफार्मर से चोरी किया गया तेल व अन्य सामान बरामद हुआ है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्री आलोक सिंह के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री हरीश चन्दर के कुशल पर्यवेक्षण में अपराध व अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई।
घटना का विवरण
पुलिस को काफी समय से मोहम्मदाबाद व नवाबगंज क्षेत्र में किसानों के खेतों में लगे बिजली ट्रांसफार्मरों से तेल व सामान चोरी होने की लगातार सूचनाएँ मिल रही थीं। इसी क्रम में 10 दिसंबर 2025 की रात गश्त व चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग खेत में लगे ट्रांसफार्मर से चोरी कर रहे हैं।
पुलिस टीम जब मौके पर पहुँची और टॉर्च की रोशनी में चोरों को देखने का प्रयास किया, तो नीचे खड़े व्यक्तियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ फायरिंग की गई, जिससे ट्रांसफार्मर पर चढ़ा एक अभियुक्त गोली लगने से घायल होकर नीचे गिर पड़ा, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
नाम: सनी सिंह पिता का नाम: सुखविदान निवासी: बासमई, थाना नवाबगंज, जनपद फतेहगढ़
पूछताछ में खुलासे
पूछताछ के दौरान अभियुक्त सनी सिंह ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ संगठित गिरोह बनाकर किसानों के खेतों में लगे ट्रांसफार्मरों से तेल, तांबा आदि चोरी करता था और उसे बेचकर अवैध रूप से जीवन यापन करता था। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपने कृत्य पर माफी भी मांगी।
बरामदगी का विवरण
01 तमंचा 315 बोर, 01 जिंदा कारतूस 315 बोर, 03 खोखा कारतूस 315 बोर, ट्रांसफार्मर का तेल भरी 06 प्लास्टिक पिपिया, 01 आरी, 01 ई-रिक्शा (बिना नंबर, धारा 207 एमवी एक्ट के अंतर्गत सीज)
आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त सनी सिंह के खिलाफ मैनपुरी, कन्नौज व फतेहगढ़ जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट व अन्य गंभीर धाराओं में करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं।
पंजीकृत मुकदमा
अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली मोहम्मदाबाद में मु0अ0सं0 394/25 धारा 109(1)/317(2) बीएनएस व धारा 3/25 आयुध अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम
इस साहसिक कार्रवाई में कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस व एसओजी फतेहगढ़ की टीम शामिल रही, जिसमें प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल, एसओजी प्रभारी सचिन चौधरी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है और क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
