फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 10 दिसंबर 2025 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विश्व मानवाधिकार दिवस के अवसर पर जनपद न्यायालय फर्रुखाबाद स्थित ए.डी.आर. भवन में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके मानवाधिकारों, संवैधानिक अधिकारों एवं विधिक संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर को संबोधित करते हुए अपर जनपद न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फर्रुखाबाद ने कहा कि विश्व मानवाधिकार दिवस प्रत्येक वर्ष 10 दिसंबर को मनाया जाता है। इस दिवस के माध्यम से समाज में व्यक्ति के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक एवं मूलभूत अधिकारों के संरक्षण तथा उनके हनन के प्रति जागरूकता फैलाई जाती है। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान में नागरिकों के मूलभूत अधिकारों एवं कर्तव्यों का स्पष्ट उल्लेख किया गया है। देश में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तथा प्रदेश स्तर पर राज्य मानवाधिकार आयोग मानवाधिकारों के संरक्षण हेतु निरंतर कार्य कर रहे हैं।
अपर जनपद न्यायाधीश/सचिव श्री संजय कुमार द्वारा पैरा लीगल वॉलिंटियर्स/अधिकार मित्रों को विभिन्न सामाजिक व विधिक क्षेत्रों में अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए कई समितियों का गठन भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष जवाहर सिंह गंगवार सहित वरिष्ठ अधिवक्ताओं शिवनरेश सिंह, रघुवीदास, सत्यपाल सिंह, यशपाल सिंह, आलोक मिश्रा, देवराज सिंह एवं सरिता दुबे ने भी उपस्थित जनसमूह को मानवाधिकारों एवं विधिक सहायता के महत्व पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का सफल संचालन अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार राणा, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल द्वारा किया गया। शिविर के दौरान उपस्थित वादकारीगण एवं नागरिकों को विधिक परामर्श प्रदान कर उन्हें अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पैरा लीगल वॉलिंटियर्स राम सिंह मौर्य, बिलाल, शिवम, विशाल एवं राघवेन्द्र सहित अन्य सहयोगियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
