फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 10 दिसंबर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में परिवहन विभाग द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत एआरटीओ-प्रवर्तन श्री सुभाष राजपूत द्वारा विभिन्न मार्गों पर वाहनों की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 05 ओवरहाइट ट्रकों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। इसके अलावा 03 ओवरलोड ट्रकों को भी सीज करते हुए उन पर कुल 97 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। परिवहन विभाग ने बिना रिफ्लेक्टिव टेप लगे 04 वाहनों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की। इन वाहनों को सीज करते हुए 40 हजार रुपये का जुर्माना आरोपित किया गया। वहीं, कर बकाया के मामलों में 04 अन्य वाहनों को सीज कर 1.80 लाख रुपये का कर वसूला गया। इस प्रकार परिवहन विभाग की एक दिन की कार्रवाई में कुल 2.50 लाख रुपये का जुर्माना तथा 1.80 लाख रुपये कर आरोपित किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा एवं नियमों के अनुपालन के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
