फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 दिसंबर 2025 महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज थाना कमालगंज पुलिस महिला सुरक्षा विशेष दल द्वारा मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान थाना क्षेत्रान्तर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न आपातकालीन एवं सहायता हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। महिला सुरक्षा विशेष दल ने 1090 (वीमेन पावर लाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। टीम द्वारा यह भी समझाया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा या असुरक्षा की स्थिति में महिलाएं बिना झिझक इन नंबरों पर संपर्क कर त्वरित सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान महिला सुरक्षा विशेष दल ने भरोसा दिलाया कि पुलिस हर परिस्थिति में महिलाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर है।
स्थानीय महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सुरक्षा भावना को मजबूत करने वाला कदम बताया। मिशन शक्ति अभियान 5.0 के माध्यम से पुलिस प्रशासन निरंतर महिलाओं को सशक्त और सुरक्षित बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।
