फर्रुखाबाद:फतेहगढ़ पुलिस लाइन में महिला सुरक्षा एवं एंटी-रोमियो स्क्वाड की समीक्षा बैठक आयोजित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 दिसंबर 2025 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा पुलिस लाइन सभागार में जनपद के समस्त थाना/कोतवाली क्षेत्रों में कार्यरत महिला हेल्प डेस्क व एंटी-रोमियो स्क्वाड टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की प्रभावी मॉनिटरिंग, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा फील्ड स्तर पर सक्रियता को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा महिला हेल्प डेस्क रजिस्टर एवं काउंसलिंग रजिस्टरों की गहन जांच की गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, संवेदनशील एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही एंटी-रोमियो स्क्वाड की नियमित गश्त, स्कूल-कॉलेज एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्क उपस्थिति और त्वरित कार्रवाई पर विशेष बल दिया गया।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने परिवार परामर्श प्रकोष्ठ के कार्यों की भी समीक्षा की तथा आपसी विवादों के समाधान हेतु काउंसलिंग की गुणवत्ता और निरंतर फीडबैक तंत्र को शत-प्रतिशत लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के अंत में संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि जनसुनवाई में संवेदनशीलता, पीड़ितों के प्रति सम्मानपूर्ण व्यवहार तथा शिकायतकर्ता को नियमित रूप से कार्यवाही की जानकारी देने की व्यवस्था को और सशक्त बनाया जाए, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।