इटावा:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 दिसंबर 2025 जनपद के विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में पराविधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) एवं अधिकार मित्रों का एक दिवसीय क्लस्टर आधारित प्रशिक्षण–संवर्धन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इटावा, एटा, फर्रुखाबाद, कासगंज एवं मैनपुरी जनपदों के पराविधिक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश श्री रजत सिंह जैन द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने सभी जिलों से दो-दो सर्वश्रेष्ठ पराविधिक स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने पीएलवी की भूमिका, उनके सामाजिक महत्व तथा न्याय तक अंतिम व्यक्ति की पहुंच सुनिश्चित करने में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए सभी स्वयंसेवकों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री रूपेंद्र सिंह टोंगर एवं एटा जनपद के सचिव श्री कमालुद्दीन ने नालसा की विभिन्न योजनाओं—जैसे जागृति, डा० आशा, साथी तथा परमवीर परिवार सहायता योजना—पर विस्तार से जानकारी देते हुए व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
इसके अतिरिक्त जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती संध्या रानी बघेल, बाल सेवा समिति के अध्यक्ष श्री दीप नारायण, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रतिनिधि श्री सोहन प्रकाश गुप्ता एवं वन स्टॉप सेंटर की अधीक्षक श्रीमती वंदना भदौरिया ने बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना, मानव तस्करी की रोकथाम, बाल विवाह निषेध एवं महिला कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल की सुश्री रजनी शुक्ला एवं श्री हर्ष पटेल द्वारा पराविधिक स्वयंसेवकों को किशोर न्याय अधिनियम, पोक्सो एक्ट, बाल श्रम कानून एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम (पाश एक्ट) से संबंधित विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी पराविधिक स्वयंसेवकों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए समाज के वंचित वर्गों तक विधिक सहायता पहुंचाने के संकल्प को दोहराया।
