फर्रुखाबाद:अमृतपुर में स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा व प्राथमिक उपचार का दिया गया प्रशिक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 दिसंबर 2025 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी अमृतपुर संजय वर्मा, यातायात प्रभारी एवं अमृतपुर पुलिस द्वारा स्वामी दयानंद इंटर कॉलेज, अमृतपुर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों तथा प्राथमिक उपचार के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यातायात संकेतों की पहचान, सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीडिंग से होने वाले खतरों तथा सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छोटी-छोटी सावधानियाँ अपनाकर सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।

इसके साथ ही बच्चों को प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर (CPR) की विधि का प्रायोगिक प्रदर्शन कर समझाया गया। अधिकारियों ने आपातकालीन परिस्थितियों में घायल या बेहोश व्यक्ति को प्राथमिक सहायता देने के सही तरीकों की जानकारी दी तथा 112 आपातकालीन सेवा के उपयोग के बारे में भी अवगत कराया।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की शपथ दिलाई गई। विद्यालय प्रबंधन एवं छात्रों ने पुलिस विभाग द्वारा किए गए इस सराहनीय एवं जनहितकारी प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की।