लखीमपुर खीरी : ( द दस्तक 24 न्यूज ) थाना भीरा, जनपद लखीमपुर खीरी क्षेत्र के अंतर्गत बीते दिनों बरम बाबा (नायरा) पेट्रोल पंप के पास एक गोवंश की मृत्यु हो गई थी। इसकी सूचना भारतीय बजरंग दल के पदाधिकारियों द्वारा दिनांक 4 दिसंबर 2025 को ब्लॉक बिजुआ के संबंधित अधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से दी गई थी। दुर्भाग्य पूर्ण है कि सूचना दिए जाने के बावजूद उक्त अधिकारियों ने कोई संज्ञान नहीं लिया, जिसके परिणामस्वरूप मृत गोवंश लगातार तीन दिन तक सड़क किनारे पड़ा रहा, जिससे अत्यंत दयनीय स्थिति उत्पन्न हो गई। पलिया विधानसभा के भारतीय बजरंग दल महामंत्री श्री सुमित कुमार द्वारा यह सूचना जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता को प्रदान की गई। तत्पश्चात जिला अध्यक्ष ने दिनांक 7-12-2025 दोपहर 2:00 बजे उप जिलाधिकारी, पलिया को दूरभाष पर अवगत कराया, किंतु कोई कार्रवाई नहीं की गई। जब ब्लॉक बिजुआ के वीडियो से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका मोबाइल स्विच-ऑफ पाया गया। जिला खंड विकास अधिकारी से बात किए जाने पर उन्होंने अत्यंत असहयोग पूर्ण रूप से कहा कि “अपने नजदीकी प्रधान से संपर्क करो”, जो अत्यंत गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार है।इस पर स्थिति गंभीर होते देख भारतीय बजरंग दल की टीम थाना भीरा पहुँची। थाना अध्यक्ष द्वारा तुरंत हेड कांस्टेबलों को भेजकर सहायता प्रदान की गई। पशु चिकित्सा अधिकारी की टीम भी मौके पर पहुँची और काफी मशक्कत के बाद फावड़ा आदि से गड्ढा खोदकर गोवंश का अंतिम संस्कार कराया गया। इस प्रकार की लापरवाही न केवल प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाती है बल्कि जन भावनाओं को आहत करने के साथ-साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती है।
इस प्रकरण को लेकर भारतीय बजरंगदल के जिलाध्यक्ष अनूप गुप्ता ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन को पत्र लिखकर
अनुरोध किया है कि—
- इस प्रकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध जांच कर उचित विभागीय कार्रवाई की जाए।
- भविष्य में ऐसी घटना होने पर तत्काल अंतिम संस्कार व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- संबंधित विभागों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया जाए कि गोवंश संबंधी किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई करें।
