फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 दिसंबर 2025 को कोतवाली मोहम्मदाबाद एंटी रोमियो टीम एवं महिला सुरक्षा विशेष दल द्वारा मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत थाना क्षेत्र में महिला सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत टीम द्वारा महिलाओं व बालिकाओं को सरकारी हेल्पलाइन नंबर 1090 (वूमेन पावर लाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) सहित अन्य महत्वपूर्ण आपातकालीन सेवाओं के बारे में बताया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा अथवा असुरक्षा की स्थिति में बिना संकोच इन नंबरों पर संपर्क कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।
एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर सतर्क रहने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने तथा सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के प्रति सजग रहने का भी संदेश दिया। साथ ही यह आश्वासन भी दिया गया कि महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।
मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं में आत्मविश्वास जागृत करने और उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
