फर्रुखाबाद: मिशन शक्ति 5.0 के तहत फतेहगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता, महिला अपराध के आरोपी को मिली सजा

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 दिसंबर 2025 पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन कन्विक्शन” एवं “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत फतेहगढ़ पुलिस को महिला अपराध से जुड़े एक मामले में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। प्रभावी विवेचना और सशक्त पैरवी के परिणामस्वरूप आरोपी को न्यायालय द्वारा सजा सुनाई गई है।

थाना मऊदरवाजा जनपद फतेहगढ़ में पंजीकृत मु0अ0सं0 348/2019 धारा 294 भादवि से संबंधित प्रकरण में अभियुक्त अमन सिंह पुत्र गुड्डू सिंह, निवासी खलौर, थाना हसायपुर, जनपद हरदोई के विरुद्ध त्वरित विवेचना उपरांत आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया गया था।

फतेहगढ़ पुलिस टीम, मॉनिटरिंग सेल, अभियोजन पक्ष एवं कोर्ट पैरोकारों द्वारा निरंतर एवं प्रभावी पैरवी के फलस्वरूप दिनांक 06 दिसंबर 2025 को मा0 न्यायालय एसीजेएम एफटीसी कोर्ट, फर्रुखाबाद द्वारा अभियुक्त को दोषसिद्ध करते हुए जेल में बिताई गई अवधि तथा 500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह सजा न केवल पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज में एक सशक्त संदेश भी देती है कि महिला एवं बाल अपराधों में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फतेहगढ़ पुलिस सुरक्षा, विश्वास और न्याय के मूल मंत्र पर कार्य करते हुए मिशन शक्ति 5.0 के उद्देश्यों को आगे भी पूरी दृढ़ता के साथ लागू करती रहेगी।

यह कार्रवाई महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है और आमजन में कानून के प्रति विश्वास को और मजबूत करती है।