फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 दिसंबर 2025 नगर के मोहल्ला छावनी निवासी एक युवक शादाब पर हिंदू नाम अपनाकर युवती को प्रेमजाल में फँसाने, शारीरिक शोषण करने और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगा है। मामले की जानकारी होने पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी कोतवाली पहुँच गए, जहाँ लंबे समय तक हंगामा चलता रहा।
पीड़ित युवती गुरुवार शाम अपनी बड़ी बहन और दोस्त कशिश सिंह के साथ कोतवाली पहुँची और आरोपी के विरुद्ध तहरीर दी। युवती ने बताया कि फेसबुक पर उसकी दोस्ती “रितिक सिंह” नाम से हुई थी। धीरे-धीरे संबंध प्रेम में बदले और युवक ने शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
युवती के अनुसार—
“जब मैंने शादी के लिए कहा तो 26 नवंबर 2025 को वह मुझे अपने घर ले गया और बताया कि उसका असली नाम शादाब है, वह मुस्लिम है। उसने कहा कि शादी तभी होगी जब मैं इस्लाम धर्म कबूल कर लूँ, गाय का मांस खाऊँ। इंकार करने पर उसके परिवार ने मुझे मारा-पीटा और धमकाया।”
युवती का आरोप है कि आरोपी के भाई, जीजा, बहन सहित परिवार के लोगों ने उसके घर जाकर उसकी मां को डराया-धमकाया और सादे कागज़ पर जबरन अंगूठा लगवा लिया। साथ ही यह धमकी भी दी कि पुलिस के पास जाने पर जान से मार देंगे।
तहरीर मिलते ही पुलिस ने आरोपी शादाब के वृद्ध पिता फरमूद को हिरासत में लेकर कोतवाली लाया। इसकी जानकारी मिलते ही फरमूद के परिजन कोतवाली में हंगामा करने लगे। इसी दौरान विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री अखिलेश मिश्रा, बजरंग दल जिला सह–संयोजक रोहन मिश्रा, श्रवण दुबे, अनुज कुमार श्रीवास्तव, प्रखंड मंत्री सिद्धांत सिंह, प्रखंड अध्यक्ष इंद्रजीत यादव और आर्यन वर्मा सहित कई हिंदूवादी नेता भी मौके पर पहुँच गए।
हिंदूवादी संगठनों ने युवती को न्याय दिलाने की मांग करते हुए आरोपी और उसके परिवार पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। युवती के आरोपों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
