फर्रुखाबाद: 4 दिसम्बर 2025 महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर चल रहे मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत आज थाना मेरापुर की एंटी रोमियो टीम एवं महिला सुरक्षा विशेष दल ने स्थानीय क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
अभियान के दौरान टीम ने स्कूल की छात्राओं व क्षेत्र की महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से निम्न महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी गई—कन्या सुमंगला योजना: जन्म से लेकर स्नातक तक छात्राओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना: गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए आर्थिक लाभ और स्वास्थ्य सुरक्षा।
महिला पेंशन योजना: पात्र महिलाओं को मिलने वाली मासिक पेंशन की प्रक्रिया व पात्रता।
इसके साथ ही टीम ने छात्राओं और महिलाओं को अपनी सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी, जिनमें 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला सहायता), 112 (आपातकालीन सेवा) और 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) प्रमुख हैं।
महिला सुरक्षा दल ने सभी छात्राओं को जागरूक रहने, किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत संबंधित हेल्पलाइन पर संपर्क करने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
थाना मेरापुर द्वारा आयोजित यह जागरूकता पहल क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी कदम के रूप में सराही जा रही है।
