फर्रुखाबाद:विश्व एड्स दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने किया जागरूकता शिविर का आयोजन।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 दिसंबर 2025 विश्व एड्स दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद द्वारा सोमवार को डॉ राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य एचआईवी/एड्स के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना तथा इससे जुड़े भ्रमों को दूर कर लोगों को सही जानकारी उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फर्रुखाबाद के सचिव एवं अपर जिला जज श्री संजय कुमार षष्ठम् ने की, जबकि संचालन का कार्य हॉस्पिटल के सीएमएस डॉ. जगमोहन शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सकों, महिला-पुरुष स्टाफ, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित आमजन ने प्रतिभाग किया।

शिविर में उपस्थित लोगों को एचआईवी/एड्स के लक्षण, संक्रमण के कारण, बचाव के तरीके तथा उपलब्ध उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि एड्स से घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि समय पर जांच, सही जानकारी और नियमित उपचार से मरीज सामान्य जीवन जी सकता है।

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि समाज में जागरूकता ही एड्स रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों को किसी भी तरह के भ्रम या भेदभाव से दूर रहने तथा संक्रमित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील और सहयोगी दृष्टिकोण अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में एडवोकेट श्री जवाहर सिंह गंगवार, श्री सुरेन्द्र कुमार (डिप्टी चीफ, लीगल एड डिफेंस काउंसिल) सहित अस्पताल के कर्मचारी व बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। जागरूकता शिविर के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं तथा एड्स संबंधी कानूनी अधिकारों के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं, जिससे आमजन को स्वास्थ्य, कानून और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया जा सके।