फर्रूखाबाद: संयुक्त चेकिंग में स्लीपर बस व दो ट्रक सीज, ₹1.38 लाख जुर्माना

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 दिसंबर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा मंगलवार को सख़्त चेकिंग अभियान चलाया गया। एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत और एआरएम रोडवेज राजेश कुमार की संयुक्त टीम ने शहर में जगह-जगह निरीक्षण कर तीन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।

अभियान के दौरान एक स्लीपर बस को रोडवेज बस स्टेशन पर उत्तर प्रदेश राज्य कर जमा न करने और परमिट प्रस्तुत न कर पाने के कारण सीज कर दिया गया। विभाग ने बस संचालक पर ₹1.02 लाख का जुर्माना लगाया है।

वहीं एक ओवरलोड ट्रक को पकड़कर सीज किया गया और उस पर ₹36,000 का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा कर बकाया में संचालित एक अन्य ट्रक को भी जब्त कर कार्रवाई की गई।

परिवहन विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई में कुल तीन वाहनों पर ₹1.38 लाख का जुर्माना लगाया गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि अवैध संचालन व कर चोरी करने वाले वाहनों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।