फर्रुखाबाद:नगर उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट ने उठाई आवाज़ – शहर में ओवरलोड गन्ना ट्रॉलियों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 दिसंबर 2025 नगर उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक महोदया से फर्रुखाबाद शहर के अंदर से ओवरलोड गन्ना ट्रॉलियों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित करने की मांग की है। संगठन ने कहा कि गन्ने से भरी ओवरलोड ट्रॉलियां शहर में दुर्घटनाओं और जाम की बड़ी वजह बन चुकी हैं, जिससे आम जनता, राहगीर और वाहन चालकों की सुरक्षा लगातार खतरे में रहती है।

संगठन ने बताया कि ये ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़क की पूरी चौड़ाई घेर लेती हैं, साथ ही गन्ने की लंबाई और चौड़ाई ट्राली से बाहर निकलने के कारण कई बार गंभीर हादसे हो चुके हैं। देर रात इन ट्रॉलियों के मुख्य मार्गों से गुजरने के चलते शहर में घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है। मोटरसाइकिल सवारों व पैदल राहगीरों के घायल होने की घटनाएं भी बार-बार सामने आती रही हैं।

शहर से न निकाली जाएं ट्रॉलियां — दिया वैकल्पिक मार्ग का सुझाव

नगर उद्योग व्यापार मंडल ने प्रशासन से आग्रह किया है कि गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को शहर के मुख्य मार्गों से बिल्कुल न गुजारा जाए। इसके बजाय उन्हें थाना मऊ दरवाजा बाईपास से ठंडी सड़क होते हुए लालगेट और वहां से पांचालघाट की तरफ निकालने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके और शहर की यातायात व्यवस्था भी बाधित न हो।

संगठन के पदाधिकारियों ने उठाई एकजुट मांग

इस सामूहिक मांग पत्र में संगठन के नगर अध्यक्ष हाजी मोहम्मद इख़लाक खान, नगर संयुक्त महामंत्री रामजी पाठक, नगर कोषाध्यक्ष राजन रॉय, जॉली राजपूत, नगर प्रभारी ठाकुर सर्वेंद्र सिंह, नगर चेयरमैन सरदार जगदीप सिंह छाबड़ा, नगर संरक्षक आनंद प्रकाश मुन्ना गुप्ता, घुमना अध्यक्ष दिलीप गुप्ता और महामंत्री गोपाल राजपूत मौजूद रहे। व्यापार मंडल ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करेगा, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके और सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।