फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 दिसम्बर 2025 आगामी मेला श्री रामनगरिया (03 जनवरी से 03 फरवरी 2025) को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेला पंडाल और मुख्य मंच पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियाँ समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि रामनगरिया मेला पारंपरिक आस्था और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है, इसलिए पारंपरिक कार्यक्रमों को विशेष प्राथमिकता दी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान कार्यक्रम स्थल, पंडाल व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, सांस्कृतिक मंच की डिज़ाइन, ध्वनि व्यवस्था और दर्शकों की सुविधा से जुड़े सभी विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कहा कि सभी विभाग परस्पर समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बिनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, सिटी मजिस्ट्रेट संजय बंसल सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने सभी जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी समीक्षा बैठक से पहले प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें, जिससे एक व्यापक और आकर्षक आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
