फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 दिसंबर 2025 को भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला अध्यक्ष अजय कटियार के नेतृत्व में राजकीय क्रय केंद्र राजेपुर पर हो रही भारी अनियमितताओं के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। किसानों ने क्रय केंद्र प्रभारी पर लापरवाही, मनमानी व भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।
क्रय केंद्र प्रभारी का स्थानांतरण और किसानों की खरीदी सूची की मांग। धरना स्थल पर पहुंचे अमृतपुर तहसीलदार को यूनियन ने 72 घंटे का समय देते हुए स्पष्ट कहा कि—
1. क्रय केंद्र प्रभारी को किसी अन्य केंद्र पर तत्काल स्थानांतरित किया जाए।
2. राजेपुर क्रय केंद्र पर धान बेचने वाले किसानों की पूरी सूची किसान यूनियन को उपलब्ध कराई जाए।
किसान राजकुमार सिंह को हुआ ₹572 प्रति कुंतल का नुकसान
जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने बताया कि कोलासोता निवासी किसान राजकुमार सिंह ने अपनी बेटी की फीस जमा करने के लिए राजेपुर क्रय केंद्र पर धान बेचने का प्रयास किया, लेकिन केंद्र प्रभारी ने 20 दिनों तक टालमटोल की। मजबूर होकर किसान को अपना धान एक निजी आढ़ती को बेचना पड़ा, जिससे उसे ₹572 प्रति कुंतल का भारी नुकसान हुआ। यूनियन ने इसकी भरपाई क्रय केंद्र प्रभारी से कराने की मांग की।
दो नए क्रय केंद्र खोलने की मांग
अजय कटियार ने कहा कि अमृतपुर तहसील क्षेत्र के किसानों की सुविधा के लिए तहसील में दो नए धान क्रय केंद्र खोले जाएं ताकि किसानों को लंबे इंतज़ार और भ्रष्टाचार से राहत मिल सके।
चिड़िया महोलिया में पैंटून पुल निर्माण की मांग भी उठी
किसान नेता ने आगे कहा कि रामगंगा नदी के पार खेती करने वाले किसानों की सुविधा के लिए चिड़िया महोलिया में पैंटून पुल का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। किसान यूनियन ने इसकी मांग पहले भी उठाई थी, और इसे शीघ्र पूरा किए जाने पर जोर दिया गया।
तहसील प्रशासन ने दिया 72 घंटे में कार्रवाई का आश्वासन
अमृतपुर तहसीलदार ने सभी बिंदुओं पर 72 घंटे के भीतर समाधान का भरोसा दिलाया, जिसके बाद किसान यूनियन ने धरना अस्थायी रूप से 72 घंटे के लिए स्थगित कर दिया।
यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो किसान फिर से राज्यकीय क्रय केंद्र राजेपुर पर अनिश्चितकालीन धरने को बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी तहसील और जिला प्रशासन की होगी।
कई किसान नेता एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित
धरना प्रदर्शन में प्रमुख रूप से—जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, जिला महासचिव अभय यादव, जिला सचिव सुशील दीक्षित बाबा जी, अमृतपुर तहसील अध्यक्ष अनीस सिंह सोनू सोमवंशी, राजेपुर ब्लॉक अध्यक्ष अजीत उर्फ टिंकू यादव
सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
