फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 नवंबर 2025 को क्रिश्चियन इंटर कालेज में 55वां सीएनआई (Church of North India) दिवस बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अमित कुमार सिंह द्वारा प्रार्थना एवं पवित्र शास्त्र वाचन के साथ किया गया। उन्होंने छात्रों को आध्यात्मिक और नैतिक मूल्यों के साथ अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।
इसके उपरांत श्री संजीव प्रकाश द्वारा सीएनआई संस्था के इतिहास और महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सीएनआई संस्था की स्थापना की प्रक्रिया सन 1929 में लखनऊ सम्मेलन से आरम्भ हुई थी, जो आगे चलकर सन 1970 में पूर्ण हुई। वर्तमान समय में यह संस्था उत्तर भारत में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
श्री संजीव प्रकाश ने बताया कि आज सीएनआई संस्था 564 से अधिक शिक्षण संस्थान, तीन तकनीकी स्कूल, 65 अस्पताल तथा 9 नर्सिंग स्कूल सफलतापूर्वक संचालित कर रही है, जो समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ, शिक्षकगण, कर्मचारी तथा छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने इस ऐतिहासिक दिवस को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया।
