फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 नवंबर 2025 ब्राह्मण समाज को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान पर जिले की सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के जिला सचिव नन्दकिशोर दुवे वन्देमातरम ने IAS अधिकारी संतोष वर्मा के बयान को “घटिया, निकृष्ट और निंदनीय” बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इस मामले पर अपना प्रेस नोट जारी कर अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नन्दकिशोर दुवे ने कहा कि जिस अधिकारी की मानसिकता अपनी बेटी और दूसरे की बेटी में फर्क करती हो, वह किसी सार्वजनिक पद पर रहने के लायक नहीं है। उन्होंने कहा—
“ऐसा बयान समाज को बांटने और महिलाओं को अपमानित करने वाली मानसिकता का खुला प्रमाण है। इसके लिए कोई भी शब्द कम पड़ जाएगा।”
उन्होंने कहा कि चाहे अजाक्स, सपाक्स या अपाक्स, किसी भी वर्ग के लोग हों—ऐसे बयान देने वाले अधिकारियों का सर्वसम्मति से बहिष्कार होना चाहिए।
सरकार और प्रशासन पर उठाए सवाल
प्रेस नोट में नन्दकिशोर दुवे वन्देमातरम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें जहां बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी जैसी योजनाएं चला रही हैं, वहीं उसी सिस्टम में उच्च पदों पर बैठे लोग बेटियों पर अभद्र टिप्पणी करते हैं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा—“जब तक IAS संतोष वर्मा को निलंबित कर गिरफ्तार नहीं किया जाता, ब्राह्मण समाज शांत नहीं बैठेगा। सरकार को ऐसे अधिकारी को तुरंत पद से हटाना चाहिए।”
“हमारी परंपरा सम्मान सिखाती है, अपमान नहीं”
स्वयं को ब्राह्मण बताते हुए नन्दकिशोर दुवे ने कहा कि उनकी परंपरा हमेशा सम्मान की रही है।
उन्होंने कहा—“आप जैसे लोग आरक्षण की बहस तो दूर, मानवीय संवेदनाओं की परीक्षा में भी फेल हो जाते हैं। समाज की बहन-बेटियों के खिलाफ अभद्र भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
FIR और गिरफ्तारी की मांग
नन्दकिशोर दुवे वन्देमातरम ने प्रशासन से तुरंत FIR दर्ज कर IAS अधिकारी की गिरफ्तारी की मांग की।
उन्होंने कहा कि ऐसी कड़ी कार्रवाई ही भविष्य में किसी भी व्यक्ति को किसी भी समाज की महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी करने से रोकेगी।
फिलहाल इस बयान को लेकर जिले में भारी रोष है, और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन की प्रतिक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं।
