फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 नवम्बर 2025 आज बुधवार दोपहर करीब 12 बजे जिले में एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया, जब भोजपुर के माननीय विधायक नागेंद्र सिंह राठौर के परिवार की फॉर्च्यूनर कार एक स्विफ्ट कार से टकराकर खाई में पलट गई। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में विधायक परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, विधायक के पुत्र अजय प्रताप सिंह राठौर अपने परिवार के साथ फॉर्च्यूनर (UP 32 ED 0195) से कैंची धाम दर्शन करने जा रहे थे। जैसे ही वाहन राजेपुर थाना क्षेत्र के उजरामऊ के पास पहुँचा, तभी नए गाँव मोड़ से पहले सामने से आ रही स्विफ्ट कार (UP 16 R 6073) ने तेज रफ्तार में अचानक गलत दिशा में मोड़ ले लिया।
तेज़ रफ्तार और गलत मोड़ के कारण दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हुई, जिससे दोनों गाड़ियाँ सड़क किनारे बनी खाई में पलटकर गिर गईं। हालांकि हादसा बेहद भीषण था, लेकिन फॉर्च्यूनर में सवार विधायक परिवार सुरक्षित बाहर निकल आया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्विफ्ट कार का ड्राइवर टक्कर के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन की नंबर प्लेट के आधार पर चालक की तलाश कर रही है।
स्थानीय पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुँच गए और उन्होंने राहत कार्य में मदद की।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्विफ्ट कार चालक नशे में था या लापरवाही के चलते यह घटना हुई।
हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा, लेकिन विधायक परिवार के सुरक्षित होने से लोगों ने राहत की सांस ली।
