फर्रुखाबाद: 33 कीटनाशी दुकानों पर छापा, 02 को कारण बताओ नोटिस, 5 नमूने जांच हेतु भेजे गए

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 नवम्बर 2025 जनपद में किसानों को गुणवत्तायुक्त एवं निर्धारित मूल्य पर कीटनाशी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया गया। प्रमुख सचिव कृषि, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी फर्रुखाबाद द्वारा आदेश संख्या-235 दिनांक 26-11-2025 के तहत कृषि विभाग एवं अन्य विभागों की संयुक्त टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने जनपद की सभी तहसीलों—सदर, कायमगंज और अमृतपुर—में औचक निरीक्षण किए।

छापेमारी की प्रमुख कार्यवाही

कुल 33 कीटनाशी दुकानों पर छापा/निरीक्षण, 5 कीटनाशी नमूने जाँच के लिए एकत्रित, बिना सूचना दुकानों को बंद रखने पर 2 दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी

जिला कृषि अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, उप कृषि निदेशक, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक (कृषि रक्षा), आलू एवं शाकभाजी अधिकारी तथा जिला गन्ना अधिकारी सहित संयुक्त टीमों ने सभी तहसीलों में निरीक्षण करते हुए दुकानों के स्टॉक, बिल, रजिस्टर तथा लाइसेंस की जांच की।

कार्रवाई के दौरान मिली अनियमितताएँ

निरीक्षण के समय दो प्रतिष्ठान बिना किसी सूचना के बंद पाए गए, जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं—1. मैसर्स माँ वैष्णों बीज भंडार, आंतर, 2. मैसर्स कुशवाहा खाद एवं बीज भंडार, सलेमपुर, राजेपुर

नमूनों की प्रयोगशाला जाँच

एकत्र किए गए 5 नमूनों को राज्य प्रयोगशालाओं में भेजा जाएगा। यदि जाँच में नमूने अमानक पाए जाते हैं, तो संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध माननीय न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा और अन्य विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।

कृषि विभाग की अपील

जिला कृषि रक्षा अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि किसानों के हित को सर्वोपरि रखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने सभी कीटनाशी विक्रेताओं को निर्देशित किया कि—स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर अनिवार्य रूप से दुकान पर उपलब्ध रखें। जिस कंपनी के कीटनाशक बेच रहे हैं, उसकी अधिकृतता (Authority) का उल्लेख अपने लाइसेंस में अवश्य दर्ज कराएं।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि गुणवत्ताहीन कीटनाशकों की बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।