फर्रुखाबाद:एसआईआर-2026 में शत-प्रतिशत ईएफ डिजिटाईजेशन करने वाले तीन बीएलओ सम्मानित।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 नवंबर 2025 भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन बीएलओ को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कलैक्ट्रेट सभागार में सम्मानित किया। समय सीमा से पहले ही ईएफ डिजिटाईजेशन का शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने पर तीनों बीएलओ को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।

सम्मान पाने वालों में—

बीएलओ रंजीत कुमार, विधानसभा क्षेत्र 192 कायमगंज, भाग संख्या 140 नसरुल्लापुर

बीएलओ ममता दीक्षित, विधानसभा क्षेत्र 195 भोजपुर, भाग संख्या 267 दान मंडी

बीएलओ मधूप कुमार शाक्य, विधानसभा क्षेत्र 195 भोजपुर, भाग संख्या 214

जिलाधिकारी ने अन्य सभी कार्मिकों को भी इसी उत्साह के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ — डीएम

जिलाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ है, इसलिए एसआईआर को लेकर यदि जनता में कोई भ्रांतियाँ हों तो उन्हें दूर किया जाए। उन्होंने अपील की कि गणना फार्म भरने की अंतिम तिथि 4 दिसम्बर है, इसलिए प्रत्येक मतदाता समय से अपना-अपना फॉर्म बीएलओ को अवश्य जमा करें।

उन्होंने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर गणना फार्म उपलब्ध करा रहे हैं। यदि किसी मतदाता को फॉर्म भरने में कोई कठिनाई हो तो वह पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, लेखपाल या बीएलओ की सहायता ले सकता है। कर्मचारी फॉर्म भरकर मतदाता से सत्यापन कराएंगे और हस्ताक्षर के बाद उसे जमा कर लेंगे।

ऑनलाइन भी भर सकते हैं गणना प्रपत्र

जिलाधिकारी ने बताया कि गणना प्रपत्र न केवल ऑफलाइन बल्कि भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन भी भरे जा सकते हैं।

निर्वाचक अपने और पारिवारिक सदस्यों के नाम यहां देख सकते हैं:

➡️ https://voters.eci.gov.in/

यदि फॉर्म में दिया गया विवरण डेटाबेस से मेल नहीं खाता या पूर्व सूची में उपलब्ध नहीं है, तो संबंधित निर्वाचक को नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस के बाद मतदाता को अपनी श्रेणी के अनुसार पहचान संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे।

इन दस्तावेजों की होगी आवश्यकता (स्थिति अनुसार)

1. केंद्र/राज्य सरकार/पीएसयू के कर्मचारी पहचान पत्र या पेंशन भुगतान आदेश

2. 01.07.1987 से पूर्व जारी कोई सरकारी पहचान दस्तावेज

3. जन्म प्रमाण पत्र

4. पासपोर्ट

5. मान्यता प्राप्त बोर्ड/विश्वविद्यालय का मैट्रिक प्रमाणपत्र

6. स्थायी निवास प्रमाण पत्र

7. वन अधिकार पत्र

8. ओबीसी/एससी/एसटी/जाति प्रमाणपत्र

9. राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (जहां लागू)

10. परिवार रजिस्टर

11. भूमि/मकान आवंटन प्रमाणपत्र

12. आधार संबंधी आयोग द्वारा जारी दिशानिर्देश (09.09.2025)

13. बिहार एसआईआर मतदाता सूची का अंश (1 जुलाई 2025 की संदर्भ तिथि)

विशेष स्थिति:

विदेश में जन्म: भारतीय मिशन द्वारा जारी जन्म पंजीकरण प्रमाण, पंजीकरण/नागरिकीकरण से नागरिकता: संबंधित प्रमाणपत्र संलग्न करना होगा

डीएम की अपील

जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रांति पर विश्वास न करें, वैध मतदाताओं का नाम किसी भी स्थिति में नहीं काटा जाएगा। उन्होंने मीडिया से विशेष रूप से आग्रह किया कि सही जानकारी जन-जन तक पहुंचाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने में सहयोग करें।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर रजनीकांत, अपर उप जिलाधिकारी सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।