फ़र्रुखाबाद में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान: 25 नवंबर को खुले रहेंगे सभी मतदान केंद्र

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 नवंबर 2025 विधानसभा चुनाव-2025 की तैयारियों के तहत Special Intensive Revision (SIR) अभियान जिले में युद्धस्तर पर जारी है। यह अभियान 4 नवंबर से शुरू होकर 4 दिसंबर 2025 तक चलेगा। इस अवधि में विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष पुनरीक्षण किया जा रहा है, जिसके लिए बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर सर्वे कर गणना प्रपत्र वितरित किए जा रहे हैं और उन्हें बीएलओ-3 ऐप के माध्यम से अपलोड किया जा रहा है।

25 नवंबर को जिला स्तर पर विशेष अभियान दिवस

उप जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार सिंह के अनुसार, 25 नवंबर 2025 (मंगलवार) को सभी नगर निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष हेल्प डेस्क/कैंप आयोजित किए जाएंगे।

सभी विद्यालय एवं कॉलेज, जहां मतदान केंद्र स्थापित हैं, इस दिन खुले रहेंगे। बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में उपस्थित रहकर मतदाताओं की समस्याओं का समाधान करेंगे।

नगर निकायों में वार्ड स्तर पर और ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर पर B.L.O., कर्मचारी, सभासद/चेयरमैन प्रतिनिधि तथा ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे।

अतिरिक्त टीमें भी लगाए गए

अभियान की निगरानी और गति बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है, जो अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में भ्रमण कर बीएलओ द्वारा भरे गए गणना प्रपत्रों का सत्यापन करेंगे और उन्हें डिजिटाइज्ड कराने में सहयोग करेंगे।

मतदाताओं से अपील

जिले के सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे 25 नवंबर को अपने बूथ पर जाकर बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना नाम जोड़ने, सुधार कराने, पता अपडेट कराने आदि के लिए गणना प्रपत्र भरकर जमा कर सकते हैं।

लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

प्रशासन का मानना है कि यह विशेष अभियान मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे आगामी विधानसभा चुनाव में अधिकतम पात्र नागरिक मतदान सूची में शामिल हो सकेंगे।