फर्रुखाबाद: बैंक ऑफ़ इंडिया RSETI में 35 दिवसीय जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न, मुख्य अतिथि रही जिला पंचायत अध्यक्ष

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 नवम्बर 2025 बैंक ऑफ़ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) फर्रुखाबाद में आयोजित 35 दिवसीय लघु उद्यमी – जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव जी उपस्थित रहीं। उन्होंने सभी 30 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए तथा उन्हें शीघ्र अपना स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं, विशेषकर महिलाओं, को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समापन समारोह के दौरान आरसेटी के निदेशक श्री ओमेन्द्र सिंह व संकाय सदस्य दिव्यांशु मिश्रा ने मुख्य अतिथि महोदया का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। निदेशक श्री सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 588 प्रशिक्षणार्थियों को वीमेन टेलरिंग, जूट प्रोडक्ट मेकिंग, होममेड अगरबत्ती, कैंडल मेकिंग सहित विभिन्न रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षित किया जा चुका है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि संस्थान जल्द ही सेलफोन रिपेयरिंग, डेयरी फार्मिंग एवं सॉफ्ट टॉय मेकिंग जैसे नए निशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है। इसके लिए पंजीकरण प्रारंभ हो चुके हैं, जिसमें 18 से 45 वर्ष के युवा निःशुल्क आवेदन कर सकते हैं।

कार्यक्रम में कार्या. सहायक सोमेश शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान सभी प्रतिभागियों को पाठ्य सामग्री, ड्रेस, नाश्ता, भोजन सहित आवश्यक सुविधाएँ पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।इस अवसर पर संकाय सदस्य योगेन्द्र पाल, कार्यालय सहायक राहुल कुमार, अटेंडर अभिलाष कुमार सहित सभी 30 प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।