फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 नवम्बर 2025 थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम तुर्कहटा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें गली में खेल रहे 18 वर्षीय युवक प्रतीक को ट्रैक्टर की टक्कर से गंभीर चोटें आईं। पीड़ित की मां बिजमा देवी ने पुलिस अधीक्षक फर्रुखाबाद को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 07 नवंबर 2025 को दोपहर करीब 3 बजे की है। पीड़िता के पुत्र प्रतीक गली में खेल रहा था, तभी गांव के ही सतेन्द्र सिंह के बेटे राहुल ने ट्रैक्टर को लापरवाही से पीछे किया, जिससे प्रतीक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गए, जहां जांच में उसके कूल्हे में फ्रैक्चर पाया गया और कमर से नीचे का हिस्सा प्रभावित होने की पुष्टि हुई।
पीड़िता का आरोप है कि घटना की सूचना थाना राजेपुर पुलिस को दी गई, लेकिन अब तक न तो एफआईआर दर्ज हुई और न ही किसी प्रकार की जांच की गई। वहीं आरोपित पक्ष द्वारा शुरू में इलाज कराने का आश्वासन देकर समझौते का दबाव बनाया गया, पर बाद में आर्थिक सहायता देना बंद कर दिया गया।
बिजमा देवी ने आरोप लगाया कि जब उन्हें पता चला कि वह थाने में शिकायत दे चुकी हैं, तो आरोपित पक्ष ने उन्हें कथित रूप से जातिसूचक गालियां देकर धमकाया, और कहा कि “रिपोर्ट दर्ज नहीं होगी, न ही इलाज के पैसे देंगे।”
पीड़िता ने बताया कि 11 नवंबर 2025 को कराए गए सीटी स्कैन में डॉक्टरों ने प्रतीक को सैफई या लखनऊ जैसे बड़े चिकित्सा केंद्र में ले जाने की सलाह दी है, जहां इलाज में भारी खर्च आएगा। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार इलाज कराने में असमर्थ है।
इसी गंभीर हालात को देखते हुए पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि—घटना की एफआईआर दर्ज कर आरोपी पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। तथा उसके पुत्र के उपचार हेतु आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
परिवार इस समय गहरी चिंता और आर्थिक संकट से जूझ रहा है तथा न्याय और मदद की प्रतीक्षा कर रहा है।
