फर्रुखाबाद:( द दस्तक 24 न्यूज़) 22 नवम्बर 2025 दिन शनिवार को स्थानीय शिव वाटिका मैरिज लान नवाबगंज में आज एक गरिमामय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में दाम्पत्य सूत्र बंधन संस्कार सम्पन्न हुआ। यह विवाह समारोह सभासद अनिल शाक्य की बहन ज्योति, पुत्री श्री महेशचन्द्र शाक्य (निवासी—बरतल गली, वार्ड संख्या 14, गांधीनगर, नवाबगंज) और सरलकुमार, पुत्र श्री वेदराम शाक्य (निवासी—ग्राम नगला टीका, पोस्ट बरौन, जिला फर्रुखाबाद) के मध्य आयोजित किया गया।
विवाह की विशेषता यह रही कि पूरा दाम्पत्य संस्कार बौद्ध रीति-रिवाजों के अनुसार अत्यंत सरल, शांत और अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुआ। बौद्ध परंपराओं के अनुसार दोनों नवदंपत्ति ने धम्म के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए सत्य, शील और करुणा के मार्ग पर अग्रसर रहने की प्रतिज्ञा ली।
विधि-विधान सम्पन्न होने के बाद धर्मपाल बौद्ध द्वारा दोनों को आधिकारिक बौद्ध विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नवविवाहित दंपत्ति को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य नागरिक, रिश्तेदार, समाजसेवी एवं नगर क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। शांतिपूर्ण और सामाजिक समानता का संदेश देने वाला यह बौद्ध विवाह समारोह क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
