फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 नवम्बर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर परिवहन विभाग और राज्य कर विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को बड़े स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व अमित त्यागी, सहायक आयुक्त (राज्य कर), सचल दल फतेहगढ़ द्वारा किया गया।
अभियान के दौरान स्लीपर बसों में अवैध माल ढुलाई की शिकायतों की जांच की गई। टीम ने दो स्लीपर बसों को बिना प्रपत्र माल ढोते हुए पकड़कर मंडी में सीज कर दिया। दोनों बसों पर कुल ₹18,000 का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा, राज्य कर विभाग द्वारा माल की जाँच कर अलग से करारोपण की प्रक्रिया की जाएगी।
इसी दौरान परिवहन विभाग ने ओवरहाइट माल ले जा रहे चार ट्रकों के चालान किए, जबकि दो ओवरलोड ट्रकों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। विभाग ने कुल 10 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹1.10 लाख का जुर्माना वसूला।
अधिकारियों ने बताया कि ऐसे संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
