फर्रुखाबाद: सेवा व्रत अनुष्ठान के 18वें संकल्प दिवस पर 68 जोड़ों का हुआ सामूहिक विवाह, सर्व समाज की एकता की मिसाल

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 नवंबर 2025 सेवा व्रत अनुष्ठान के 18वें संकल्प दिवस के अवसर पर मंगलवार रात मधुर मिलन गेस्ट हाउस में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में सर्व समाज की एकता और समभाव की अनूठी झलक देखने को मिली। दूल्हे सिर पर मौर धारण किए हुए थे और दुल्हनें पारंपरिक लहंगा-चुनरी में सजी थीं, जिससे पूरा समारोह भव्य और आकर्षक बन गया। मंच पर 68 नवदंपतियों ने विधि-विधान से फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की।

समारोह का शुभारंभ जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा गणेश प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व विधान परिषद सदस्य मनोज अग्रवाल और उनकी पत्नी, नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल द्वारा किया गया।

आयोजकों की ओर से प्रत्येक नवदंपति को घर-गृहस्थी के लिए आवश्यक सामग्रियाँ भेंट की गईं, जिनमें अलमारी, कुर्सी, पलंग, गद्दा, तकिया, रजाई, मंगलसूत्र, पायल, डिनर सेट, नथनी, साड़ी और बरतन बक्सा सहित अन्य घरेलू सामान शामिल था। उपहार पाकर दंपतियों के चेहरों पर खुशी देखते ही बनती थी।

समारोह स्थल पर बारातियों और परिजनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिसके चलते वातावरण उल्लास और उत्साह से भर गया। कार्यक्रम में सुधांशु दत्त द्विवेदी, देवांश अग्रवाल, शारांश अग्रवाल, सुन्दर गुप्ता, सौरभ गुप्ता, प्रमोद यादव, हीरा गुप्ता, धीरज पाण्डेय, रीटू दुबे, संजीव गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सामूहिक विवाह समारोह ने न केवल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग प्रदान किया, बल्कि सामाजिक सद्भाव, समरसता और सर्व समाज की एकता का संदेश भी दिया।