परिषदीय विद्यालयों की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के क्रम में शनिवार को ब्लॉक सोरों की मिनी बाल क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का आयोजन जिला स्टेडियम में हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह तथा खंड शिक्षा अधिकारी राजेश चौधरी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। तत्पश्चात ध्वजारोहण एवं जूनियर वर्ग जी 400 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी रामरूप एवं ब्लॉक पीटीआई फुरकान अली और सोमेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों को माला पहनाकर एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। 50 मीटर की प्राथमिक बालक वर्ग दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान विशाल ने द्वितीय यश और तृतीय स्थान अर्चित ने प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में जानवी ने पहला स्थान, आस्था ने दूसरा और मीनाक्षी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर की प्राथमिक बालक वर्ग दौड़ प्रतियोगिता में अरविंद ने पहला, मोंट ने दूसरा और अर्चित ने तीसरा स्थान प्राप्त किया वहीं बालिका वर्ग में अंशु, जानवी और अंशु ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान पाया। इसके अतिरिक्त प्राथमिक एवं जूनियर वर्ग की 100, 200, 400 मीटर दौड़, कबड्डी आदि प्रतियोगिताओं में विभिन्न प्रतिभागियों ने अपना दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में संचालन पीटीआई मुनेश राजपूत ने किया। विजेता प्रतिभागियों को बीएसए सूर्य प्रताप सिंह, बीईओ राजेश चौधरी एवं रामरूप ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर राजेंद्र सिंह, दिलीप यादव, गजेन्द्र प्रताप, रामनारायण, प्रविता, निशा, शैलेन्द्र सिंह, दीनदयाल सिंह, सोमेंद्र सिंह, भारतेंदु सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, फुरकान अली, यादराम आदि शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
कासगंज : परिषदीय छात्र अरविंद कुमार बना सोरों का ब्लॉक चैंपियन
