लखीमपुर खीरी : गोला कॉरिडोर का डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने किया निरीक्षण, सुस्त रफ्तार पर जताई नाराजगी

गोला गोकर्णनाथ : ( द दस्तक 24 न्यूज ) गोला कॉरिडोर परियोजना का शुक्रवार को डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने स्थलीय निरीक्षण किया। कॉरिडोर परिसर में निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था की सुस्त रफ्तार देखकर असंतोष व्यक्त किया। डीएम ने कॉरिडोर निर्माण के प्रत्येक कंपोनेंट की बारीकी से जांच की और निर्माण एजेंसी को कई कड़े निर्देश दिए।


निरीक्षण में सामने आया कि कॉरिडोर निर्माण की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। जिस पर डीएम ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि यदि समय पर काम नहीं हुआ तो जिम्मेदारों पर कार्यवाही तय है। उन्होंने एजेंसी को साफ निर्देश दिए कि निर्माण में और मजदूर लगाए जाएं ताकि काम की रफ्तार तेज हो।उन्होंने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना सरकार और आमजन दोनों के लिए बेहद अहम है। इसे हर हाल में समयबद्ध पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि काम की गुणवत्ता पर कोई समझौता नहीं होगा। निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता की सैंपलिंग कराई जाए और प्रतिदिन कारीडोर स्थल का निरीक्षण किया जाए साथ ही प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।

डीएम ने कहा कि कॉरिडोर बनने से न सिर्फ श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी बल्कि पर्यटन को भी नया आयाम मिलेगा। इसलिए किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं को निर्देशित किया कि सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, प्रशिक्षु आईएएस मनीष धार्वे, एसडीएम गोला प्रतीक्षा त्रिपाठी,गोला तहसीलदार भीमसेन, पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता तरुणेंद्र त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।