लखनऊ:अंतर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेटर एवं पुलिस उपाधीक्षक दीप्ति शर्मा का पुलिस मुख्यालय में सम्मान, यूपी पुलिस परिवार ने गर्व से मनाया विशेष क्षण

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 नवंबर 2025 उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय आज एक गौरवपूर्ण क्षण का साक्षी बना, जब अंतर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेटर एवं पुलिस उपाधीक्षक सुश्री दीप्ति शर्मा का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश श्री राजीव कृष्ण ने दीप्ति के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सलाम करते हुए कहा कि उनका अनुशासन, समर्पण और विश्वस्तरीय उपलब्धियाँ न केवल यूपी पुलिस, बल्कि पूरे प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणादायी मिसाल हैं।

डीजीपी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि दीप्ति ने पुलिस सेवा और अंतरराष्ट्रीय खेल जगत, दोनों क्षेत्रों में जो संतुलन और उत्कृष्टता का परिचय दिया है, वह पूरे पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है।

आईजी स्पोर्ट्स ने साझा की दीप्ति की संघर्ष और सफलता की यात्रा

कार्यक्रम के दौरान आईजी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने दीप्ति शर्मा के खेल करियर की विस्तृत यात्रा को पूरे उत्साह के साथ प्रस्तुत किया। उन्होंने उनके शुरुआती संघर्ष, निर्णायक मैचों में शानदार प्रदर्शन, विश्व कप अभियान में योगदान और लगातार बेहतर होते प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए बताया कि दीप्ति आज विश्व क्रिकेट में एक स्थापित और प्रभावशाली नाम बन चुकी हैं। उनकी कहानी सुनकर सभागार तालियों से गूंज उठा।

दीप्ति शर्मा ने व्यक्त किया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार

अपने उद्बोधन में दीप्ति शर्मा ने माननीय मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath जी द्वारा लागू की गई स्पोर्ट्स कोटा नीति एवं खेल-प्रोत्साहन नीतियों के लिए विशेष धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा कि इन नीतियों ने उन्हें न सिर्फ खेल जगत में आगे बढ़ने का अवसर दिया, बल्कि वर्दी पहनकर प्रदेश की सेवा करने का सम्मान भी प्रदान किया। दीप्ति ने कहा कि वह आगे भी पूरे समर्पण के साथ देश और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।

बच्चों से संवाद बना समारोह का सबसे प्रेरक क्षण

कार्यक्रम का सबसे भावुक और उत्साहजनक पल तब आया जब पुलिस मॉडर्न स्कूल के बच्चों ने दीप्ति शर्मा से सीधे सवाल पूछे। दीप्ति ने बेहद स्नेहपूर्ण और सरल भाषा में बच्चों के प्रश्नों के उत्तर दिए। उनके प्रेरक शब्दों और अनुभवों ने बच्चों के चेहरे खिल उठा—जैसे एक विश्व विजेता उन्हें अपने सपनों की उड़ान के लिए प्रेरणा दे रही हो।

सम्मान समारोह ने बढ़ाया पूरे यूपी पुलिस परिवार का मनोबल

दीप्ति शर्मा के सम्मान समारोह ने यूपी पुलिस के मनोबल को और ऊँचा किया। यह कार्यक्रम न केवल एक खिलाड़ी का सम्मान था, बल्कि यह संदेश भी कि परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ निश्चय से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।