फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 नवंबर 2025 जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी GBC@5.0 (ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी) के संदर्भ में जनपद हेतु निर्धारित निवेश लक्ष्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न विभागों की ओर से प्राप्त निवेश प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्र में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करें, ताकि जनपद की निवेश प्रगति राज्य स्तर पर उत्कृष्ट श्रेणी में दर्ज हो सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि निवेशकों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाए, औद्योगिक निवेश से जुड़ी परियोजनाओं को गति प्रदान की जाए तथा लंबित प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में औद्योगिक विकास एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त उद्योग केंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। GBC@5.0 के तहत प्रदेशभर में निवेश प्रोत्साहन और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। फर्रूखाबाद जनपद भी इस दिशा में सक्रियता से कार्य कर रहा है।
