फर्रुखाबाद:खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जिलास्तरीय बैठक संपन्न — जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 नवम्बर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जिलास्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई और आगामी त्यौहारों को देखते हुए जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्ट्रीट वेंडरों द्वारा बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए। किसी भी स्तर पर कमी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि खुले में खाद्य पदार्थों को रखने पर रोक लगाई जाए और चेकिंग अभियान को विशेष रूप से त्यौहारों के समय तेज किया जाए।

बैठक के दौरान व्यापारियों द्वारा विभाग में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को लेकर की गई शिकायतों पर जिलाधिकारी ने जांच के निर्देश दिए। साथ ही मिशन हॉस्पिटल व भोलेपुर क्षेत्र में अतिक्रमण के मुद्दे पर भी चर्चा हुई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।बैठक में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।