फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 नवम्बर 2025 प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के अंतर्गत नदियों में मत्स्य संपदा को बनाए रखने और मछुआ समुदाय को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से आज मत्स्य विभाग फर्रुखाबाद के तत्वाधान में गंगा नदी के पांचाल घाट पर 2.35 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं का संचय किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मा० सांसद फर्रुखाबाद, मा० विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर, निषाद पार्टी के जिला अध्यक्ष अनिल कुमार कश्यप तथा पूर्व जिला अध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर ने कहा कि— “सरकार द्वारा नदियों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस प्रकार के कार्यक्रमों से न केवल मत्स्य उत्पादन में वृद्धि होगी बल्कि मछुआ समुदाय को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।”
मुख्य कार्यकारी अधिकारी नारद लाल राना ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत रोहू, कतला और नैन प्रजातियों की 2.35 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं का क्रय उत्तर प्रदेश मत्स्य विकास निगम की खुटार हैचरी, शाहजहांपुर से किया गया है। उन्होंने कहा कि यह प्रयास नदियों में मछलियों की संख्या बनाए रखने के साथ-साथ जल प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी सहायक सिद्ध होगा।
इस अवसर पर मत्स्य निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह, कनिष्ठ सहायक चन्द्रिका प्रसाद, मछुआ प्रतिनिधि चन्द्रप्रकाश, मीडिया बन्धु तथा अनेक मत्स्य पालक — अजीत बाथम, सुरेश कश्यप (युवा जिला अध्यक्ष), अमरनाथ बाथम, सर्वेश कश्यप, दुर्गेश कश्यप, राकेश बाथम, मुनेश कश्यप, उपाध्यक्ष सुशील मिश्रा एवं कुलदीप एडवोकेट आदि उपस्थित रहे। मत्स्य विभाग द्वारा यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है ताकि नदियों में मत्स्य संपदा बनी रहे और पर्यावरण संतुलन को सुदृढ़ किया जा सके।
