फर्रुखाबाद:नदियों में मत्स्य संपदा के संरक्षण हेतु 2.35 लाख मछली अंगुलिकाओं का संचय

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 नवम्बर 2025 नदियों में मत्स्य संपदा को निरंतर बनाए रखने और पर्यावरणीय संतुलन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत फर्रुखाबाद जिले में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह आयोजन मत्स्य विभाग फर्रुखाबाद के तत्वावधान में गंगा नदी के पांचाल घाट पर संपन्न हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत, विधायक भोजपुर (प्रतिनिधि), निषाद पार्टी जिलाध्यक्ष अनिल कुमार कश्यप, राकेश बाथम, अमित बाथम, मुनेश कश्यप और कुलदीप कश्यप सहित कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा 2.35 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं (रोहू, कतला, नैन प्रजाति) को गंगा नदी में छोड़ा गया। विधायक ने इस अवसर पर कहा कि “सरकार नदियों के संरक्षण, पर्यावरणीय संतुलन और मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस पहल से न केवल नदियों में मछलियों की संख्या बढ़ेगी बल्कि मछुआ समुदाय को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।”

मुख्य कार्यकारी अधिकारी नारद लाल राणा ने जानकारी दी कि मत्स्य अंगुलिकाओं का क्रय उत्तर प्रदेश मत्स्य विकास निगम, खुटार हैचरी (शाहजहांपुर) से किया गया है। उन्होंने बताया कि यह वार्षिक कार्यक्रम मत्स्य विभाग द्वारा हर वर्ष आयोजित किया जाता है ताकि नदियों में जैव विविधता बनी रहे और प्रदूषण पर नियंत्रण पाया जा सके।

इस अवसर पर मत्स्य निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह, कनिष्ठ सहायक चन्द्रिका प्रसाद, मछुआ चन्द्रप्रकाश, मीडिया प्रतिनिधि तथा अनेक मत्स्य पालक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन नदियों के संरक्षण और मत्स्य संपदा के संवर्धन के संकल्प के साथ किया गया।