फर्रुखाबाद:थाना समाधान दिवस पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने की जनसुनवाई, शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 नवम्बर 2025 आज जनपद के थाना कमालगंज में “थाना समाधान दिवस” का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से पहुँचकर आम नागरिकों की समस्याएँ सुनीं। दोनों अधिकारियों ने जनता की शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जन-सुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों में भूमि विवाद, पुलिस कार्यवाही से संबंधित प्रकरण, राजस्व एवं विकास विभाग से जुड़ी समस्याएँ प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि जनता की समस्याओं का निस्तारण थाना एवं तहसील स्तर पर ही समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने थाना समाधान दिवस की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण किया जाए। उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखें और शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता से करें।

थाना समाधान दिवस की कार्यवाही के उपरांत जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा कमालगंज बाजार का भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों के बीच जाकर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत गणना प्रपत्र वितरित किए और लोगों से मतदान सूची में अपना नाम सत्यापित करने व पात्र नागरिकों का नाम शामिल कराने की अपील की। इस मौके पर संबंधित तहसील व राजस्व विभाग के अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारीगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।