फर्रुखाबाद:निर्वाचक नामावली विशेष पुनरीक्षण अभियान जारी — बूथ लेवल अधिकारी शनिवार व रविवार को भी करेंगे घर-घर संपर्क

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 नवम्बर 2025 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य जनपद फर्रूखाबाद में जारी है। यह अभियान अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर दिनांक 04 नवम्बर 2025 से 04 दिसम्बर 2025 तक संचालित किया जा रहा है।

आयोग के निर्देशानुसार इस अवधि में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मतदाताओं के घर-घर जाकर गणना प्रपत्र (Form 6, 7, 8 आदि) वितरित कर रहे हैं ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किया जा सके और किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए।

निर्धारित समय में कार्य पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिल निर्वाचन कार्यालय द्वारा निर्देश जारी किए गए हैं कि सभी बूथ लेवल अधिकारी दिनांक 08 नवम्बर (शनिवार) एवं 09 नवम्बर (रविवार) को भी अपने-अपने क्षेत्र में जाकर घर-घर संपर्क कर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान सभी नागरिकों से अपेक्षा है कि वे अपने पहचान पत्र व आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने मतदाता विवरण की पुष्टि करें और यदि आवश्यक हो तो संशोधन या नया पंजीकरण कराएँ।

इस अभियान का उद्देश्य “एक भी पात्र मतदाता छूटे नहीं” की भावना को साकार करना है।