कासगंजःजिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रत्नेश कश्यप एवं जिलाधिकारी प्रणय सिंह व पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की अध्यक्षता में सोरों सूकर क्षेत्र मेला मार्गशीर्ष 2025 से सम्बन्धित बैठक आयोजित

कासगंजः जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रत्नेश कश्यप एवं जिलाधिकारी प्रणय सिंह व पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की अध्यक्षता में सोरों सूकर क्षेत्र मेला मार्गशीर्ष से सम्बन्धित बैठक आयोजित। जिलाधिकारी ने कहा कि सोरों नगर क्षेत्र में 28 नवम्बर से 23 दिसम्बर 2025 तक होने वाले मेला मार्गशीर्ष को एकरूपता और भव्यता के साथ लगवाया जाये। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था सहित वाहनों की पार्किंग, प्रकाश एवं सफाई, शौचालय, स्नान, पेयजल, अग्निशमन, आदि की समुचित व्यवस्थायें अच्छे ढंग से कराई जायंे।
कलेक्ट्रेट सभागार में मेला मार्गशीर्ष की तैयारियों की समीक्षा करते हुये जिलाधिकारी ने कहा कि मेला अच्छे ढंग से लगवाया जाये। नगर पालिका सोरों द्वारा मेले की समस्त व्यवस्थायें पूर्ण पारदर्शिता के साथ कराई जायें। विद्युत आपूर्ति हेतु लगाये गये पोल व तार किसी हादसे का कारण ना बनें इसकी विशेष निगरानी की जाये।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं के लिये मेला परिसर में सीएचसी सोरों में बेड रिर्जव रखे जायें साथ ही जीवन रक्षक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाये। मेले में दुकाने सुव्यवस्थित तरीके से लगवायी जाये प्रत्येक दुकानदार के लिये स्थान चिन्हित हो। मेले में सफाई व्यवस्था हेतु रोस्टरवार के साथ क्षेत्र व स्थानवार लोगों को तैनात किया जाये जिससे सफाई कर्मी को ढूंढना ना पड़े। रोस्टर के अनुसार उनकी ड्यूटी लगाई जाए जगह-जगह डस्टबिन रखवाये जायें। नागा साधुओं की सुविधा के लिये नगर पालिका द्वारा पहले से जगह चिन्हित कर दी जाये। एआरटीओ व एआरएम रोडवेज मेला अवधि में रोडवेज बसों और अन्य वाहनों के लिये पार्किंग स्थल एवं रूट निर्धारित कर श्रद्धालुओं के लिये अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था करायें। सभी व्यवस्थाये समय से पूर्ण कर ली जाये। 01 दिसम्बर को मोक्षदा एकादशी और 04 दिसम्बर को पूर्णिमा पर विशेष स्नान होगा। मेला मार्गशीर्ष में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही कृषि, उद्यान, पशुपालन व अन्य विभागों के प्रदर्शनी स्टाल भी लगवाये जायें।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा मेला परिसर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुये बताया कि मेले में अस्थायी चौकी तथा वॉच टॉवर का निर्माण करा कर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सीसीटीवी कैमरा की व्यवस्था की जायेगी। इसके अतिरिक्त खोया -पाया केन्द्र, गोताखोरों की व्यवस्था, मुख्य स्नानों पर रूट डायवर्जन भी किया जायेगा। शोभा यात्राआंे के लिये अलग से पुलिस व्यवस्था की जायेगी।

बैठक में अध्यक्ष नगर पालिका सोंरों रामेश्वर महेरे, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी कासगंज, सहित समस्त संबंधित अधिकारी व सम्मानित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।