फर्रुखाबाद:मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत रेलवे स्टेशन पर महिलाओं को किया गया जागरूक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 नवम्बर 2025 महिला सुरक्षा विशेष दल द्वारा आज मिशन शक्ति अभियान “5.0” एवं साइबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत थाना कोतवाली फर्रुखाबाद क्षेत्र स्थित रेलवे स्टेशन पर महिलाओं को सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं।

इस दौरान महिला सुरक्षा दल की टीम ने उपस्थित महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 108 सहित अन्य सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। टीम ने महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय, सोशल मीडिया पर सावधानी बरतने तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी।

अभियान के अंतर्गत टीम ने बताया कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील वातावरण बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा विशेष दल ने उपस्थित महिलाओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं – जैसे महिला सहायता योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, एक स्टॉप सेंटर योजना आदि के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

इस पहल से महिलाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता और आत्मरक्षा के प्रति विश्वास में वृद्धि हुई।