फर्रुखाबाद: मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने की विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की समीक्षा, लापरवाही पर कठोर कार्यवाही के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 नवम्बर 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने आज प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) की प्रगति की वर्चुअल बैठक (वी.सी.) के माध्यम से समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या आयोग के निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी होनी चाहिए ताकि कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो पाए और सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हो सकें।

बैठक के दौरान यह पाया गया कि सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित कर SIR की प्रक्रिया और आयोग के निर्देशों की जानकारी साझा की है। साथ ही सभी दलों से बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने का अनुरोध किया गया है, जो बीएलओ के साथ मिलकर पुनरीक्षण कार्यों में सहयोग करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि गणना प्रपत्रों की छपाई का कार्य सभी जिलों में पूर्ण हो चुका है। जिन जिलों में वितरण की गति धीमी है, उन्हें कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि बीएलओ अपने मोबाइल में BLO ऐप का एडवांस वर्जन 8.7 डाउनलोड करें और वितरण की प्रगति को ऐप पर मार्क करते रहें ताकि डेटा ऑनलाइन अपडेट होता रहे।

इसके अलावा, वर्ष 2003 की मतदाता सूची में शामिल नामों की मैपिंग का कार्य अगले तीन दिनों में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

मतदाताओं की सुविधा के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू की गई “Book a Call with BLO” सेवा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी मतदाता voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से अपने बीएलओ से कॉल बुक कर सकता है, और बीएलओ को 48 घंटे के भीतर आवेदक से संपर्क करना अनिवार्य होगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अवधि में प्रत्येक जनपद में जिला सम्पर्क केन्द्र (DCC) भी संचालित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर प्राप्त सभी कॉल्स को दर्ज कर मतदाताओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया जाएगा। किसी भी जनपद में कॉल करने के लिए उस जिले के STD कोड के साथ 1950 नंबर डायल किया जा सकेगा।

उन्होंने निर्देश दिया कि SIR की दैनिक प्रगति को मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साझा किया जाए ताकि जनभागीदारी और पारदर्शिता बनी रहे।

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी, शामली के बिना सूचना के अनुपस्थित रहने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका स्पष्टीकरण मांगा।

अंत में श्री रिणवा ने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव है, इसलिए सभी अधिकारी, राजनैतिक दल और मतदाता इसमें सक्रिय सहयोग दें, ताकि मतदाता सूची सटीक, अद्यतन और पारदर्शी बन सके।