फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 नवम्बर 2025 जनपद के जिला जेल चौराहा स्थित मां रामप्यारी मैरिज लॉन में बुधवार को एक सादगीपूर्ण एवं प्रेरणादायक विवाह समारोह संपन्न हुआ। इस विवाह में पीयूष शाक्य पुत्र श्री सतेन्द्र कुमार शाक्य निवासी ग्राम आसलपुर, पोस्ट पुठरी, जिला फर्रुखाबाद का विवाह किरन शाक्य पुत्री श्री रमेशचन्द्र शाक्य निवासी ग्राम अजमतपुर, पोस्ट पचपुखरा, जिला फर्रुखाबाद के साथ बौद्ध धर्म की रीति-नीति से सम्पन्न कराया गया।
समारोह में उपस्थित धर्मपाल बौद्ध ने नवविवाहित युगल को बौद्ध परंपराओं के अनुसार त्रिशरण पंचशील दिलाते हुए विवाह संस्कार सम्पन्न कराया और उन्हें विवाह प्रमाणपत्र प्रदान किया। विवाह स्थल पर परिवारजनों, मित्रों और बौद्ध समाज के कई लोग उपस्थित रहे।
धर्मपाल बौद्ध ने कहा कि — “बौद्ध विवाह समानता, करुणा और आपसी सम्मान का प्रतीक है। इसमें न कोई ऊंच-नीच का भाव है, न ही किसी प्रकार का दिखावा। यह सादगीपूर्ण संस्कार समाज में समानता और नैतिकता का संदेश देता है।”
विवाह समारोह में वातावरण भक्ति एवं मंगलकामनाओं से परिपूर्ण रहा। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़े को सुखी, समृद्ध और शांतिपूर्ण वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
