फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 नवम्बर 2025 थाना नवाबगंज क्षेत्रान्तर्गत स्थित प्रसिद्ध रामताल मंदिर मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच बुधवार को क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद श्रीमान अजय वर्मा ने लोगों को मिशन शक्ति अभियान, साइबर क्राइम से बचाव और यातायात माह के तहत यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान सीओ अजय वर्मा ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि— “सड़क सुरक्षा सिर्फ पुलिस की नहीं, बल्कि हम सभी की जिम्मेदारी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या संदेश पर भरोसा न करें और साइबर अपराध से सतर्क रहें।”
उन्होंने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान की जानकारी दी तथा 1090, 181 और 112 जैसे हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा की।
मेले में मौजूद पुलिसकर्मियों द्वारा लोगों को पंपलेट बांटे गए और बच्चों व युवाओं को यातायात नियमों की शपथ भी दिलाई गई।
क्षेत्राधिकारी के निर्देशन में पुलिस टीम ने मेले परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण का भी निरीक्षण किया।
