लखीमपुर खीरी : ( द दस्तक 24 न्यूज ) बुधवार को देव दीपावली व कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर जनपद लखीमपुर खीरी स्थित सेठ घाट पर ग्यारह हजार से अधिक दीपों के द्वारा आयोजित देव दीपावली पर्व बड़ी ही धूमधाम के साथ मनाया गया। सेठ घाट को फूल मालाओं, दीपों, रंगीन लाइटों सहित रंगोली से सजाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा, सदर विधायक माननीय योगेश वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया और भारत माता की आरती सहित भारत माता की जय,गंगा मैया की जय के जयघोष से पूरा घाट गूंज उठा। इस अवसर पर जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा, सदर विधायक माननीय योगेश वर्मा सहित क्षेत्र की देवतुल्य जनता की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा सेठ घाट देव दीपावली के अनुपम प्रकाश से आलोकित है। सेठ घाट पर प्रज्वलित हजारों दीपों में सबके लिए सुख-समृद्धि की कामना है। यह दिव्यता और भव्यता हर किसी के मन को मंत्रमुग्ध कर देने वाली है। इस अवसर पर आयोजित आरती में सहभागी बनकर श्रद्धा, संस्कृति और दिव्यता के इस अलौकिक संगम का सभी ने अनुभव किया और सभी जनपदवासियों को देव दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर एसपी संकल्प शर्मा ने कहा देव दीपावली का भव्य आयोजन कार्तिक पूर्णिमा के दिन देव दीपावली पर सायंकाल का दृश्य मानो स्वर्गलोक जैसा प्रतीत हुआ उन्होंने जनपदवासियों को देव दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
सदर विधायक माननीय योगेश वर्मा ने कहा देव दीपावली अर्थात देवताओं की दीपावली। भगवान भोलेनाथ द्वारा त्रिपुरासुर राक्षस के वध पश्चात देवताओं द्वारा दीपावली मनाई गई थी। यही वह क्षण है, जब माँ गंगा के घाट जगमगाते हैं और धरती पर देवों का आगमन होता है। इस दिन पावन संध्याकाल में दीप जलाना शुभता को आमंत्रित करता है। यह पर्व शिव की विजय और प्रकाश की अनंत शक्ति का प्रतीक है। देव दीपावली के पावन अवसर पर सभी क्षेत्रवासियों व जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष ईरा श्रीवास्तव, विशाल सेठ, नगर के गणमान्य व्यक्ति सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
