फर्रूखाबाद में कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों का एडीएम व एएसपी ने लिया जायजा

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 नवंबर 2025 थाना कादरीगेट क्षेत्रान्तर्गत पांचाल घाट पर लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने आज स्थल का निरीक्षण किया। अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने मेला क्षेत्र में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला परिसर में साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं पार्किंग स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सम्बन्धित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे। वहीं अपर जिलाधिकारी ने नगर पालिका एवं विद्युत विभाग को साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पेयजल व शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था के साथ मेला सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।