फर्रुखाबाद: मॉडर्न पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों ने ली सड़क सुरक्षा शपथ

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 नवंबर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में आज मॉडर्न पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने विशेष व्याख्यान देते हुए विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों, यातायात संकेतों और सावधानीपूर्वक वाहन संचालन के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि— “माह सितम्बर 2025 तक जनपद फर्रूखाबाद में कुल 358 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 225 लोगों की मृत्यु तथा 288 लोग घायल हुए हैं। इन दुर्घटनाओं में लगभग 65 प्रतिशत मामलों में दोपहिया वाहन शामिल रहे हैं।”

श्री राजपूत ने विद्यार्थियों को बताया कि भारत सरकार के आंकड़ों के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 20 प्रतिशत मृतक पैदल यात्री होते हैं। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।

उन्होंने अवयस्कों द्वारा वाहन चलाने के गंभीर परिणामों पर विशेष जोर देते हुए बताया कि — “यदि कोई किशोर बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाता पाया गया, तो उसके संरक्षक या वाहन स्वामी को मोटर वाहन संशोधन अधिनियम, 2019 की धारा 199क के तहत दोषी माना जाएगा। इसमें 3 वर्ष तक की जेल और ₹25,000 तक का जुर्माना हो सकता है। साथ ही, संबंधित वाहन का पंजीकरण 1 वर्ष के लिए निरस्त किया जाएगा और ड्राइविंग लाइसेंस 25 वर्ष की आयु के बाद ही बन सकेगा।”

कार्यक्रम में उपस्थित 1648 छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा की शपथ ली कि वे स्वयं और दूसरों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करेंगे। विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा संबंधी साहित्य भी वितरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान एआरटीओ ने छात्रों से अपील की कि विद्यालय आने-जाने वाले वाहनों जैसे ऑटो, वैन, बस आदि की जानकारी विद्यालय को दें ताकि उनकी फिटनेस और सुरक्षा जांच परिवहन विभाग द्वारा की जा सके।

श्री राजपूत ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, समयबद्धता, कर्त्तव्यनिष्ठा और सहयोग जैसे गुणों को अपनाने के लिए प्रेरित किया और कहा कि — “सड़क पर नियमों का पालन करना उतना ही जरूरी है जितना जीवन में अनुशासन बनाए रखना।”

विद्यालय की निदेशक श्रीमती निमिषा गुप्ता ने अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य आलोक सक्सेना ने कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य रवि श्रीवास्तव, जिला स्काउट मास्टर श्री सुधीर कुशवाहा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे।