जिला गंगा समिति, कासगंज, वन विभाग तथा डब्लू डब्लू एफ इंडिया के संयुक्त तत्वाधान में आज सोरों जी घाट पर भव्य गंगा उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह प्रभात फेरी के साथ हुई, जिसमें श्री भागीरथी इंटर कॉलेज, सोरों एवं SGM जूनियर हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने नगरवासियों को स्वच्छता एवं नदी संरक्षण का संदेश देते हुए स्वच्छता शपथ, हस्ताक्षर अभियान, सफाई अभियान एवं श्रमदान के माध्यम से गंगा स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान घाट परिसर में व्यापक सफाई कार्य भी किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन क्षेत्रीय अधिकारी श्री विवेक कुमार रहे। उनके नेतृत्व में श्री भागीरथी इंटर कॉलेज परिसर में विभिन्न छात्र-छात्राओं में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, गंगा क्विज, गंगा रन, तथा सांप-सीढ़ी खेल के माध्यम से गंगा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के महत्व का संदेश बच्चों तक पहुंचाया गया। मुख्य अतिथि ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गंगा उत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर की रक्षा का संकल्प है। उन्होंने स्वच्छ नदी एवं स्वस्थ पर्यावरण के लिए बच्चों को आगे आने का प्रेरणादायक संदेश दिया।

इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति, श्री सुजीत कुमार ने नमामि गंगे कार्यक्रम के विभिन्न घटकों, चल रही परियोजनाओं और गंगा उत्सव के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना गंगा संरक्षण संभव नहीं है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह नदी को स्वच्छ रखने में सहयोग दे।

कार्यक्रम में जिला परियोजना अधिकारी, विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अध्यापकगण, WWF इंडिया के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं तथा स्थानीय जन समुदाय की सक्रिय उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर गंगा संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने एवं स्वच्छता के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रण लिया।