लखीमपुर खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज) राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित संवेदीकरण कार्यशाला में संवेदना और सजगता का संगम देखने को मिला। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल सहित सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता, डॉ अखिलेश खरे, डॉ मनोज शर्मा, शहर के प्रसिद्ध मनोचिकित्सक डॉ दिनेश दुआ के साथ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल बीमारियों का इलाज नहीं बल्कि खुशहाल जीवन का निर्माण होना चाहिए। हैप्पीनेस इंडेक्स बढ़ाने के लिए जरूरी है कि समाज के हर व्यक्ति का मानसिक स्वास्थ्य मजबूत हो जब मन स्वस्थ होगा, तभी मुस्कान सच्ची होगी। स्वस्थ मन ही खुशहाल समाज की नींव है। जब प्रशासन, चिकित्सक और समाज साथ आएंगे तभी हमारा जिला ‘हैप्पीनेस इंडेक्स’ में ऊँचाई छुएगा।उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि मरीजों के प्रति सहानुभूति, संवाद का व्यवहार सबसे असरदार दवा है। कभी-कभी एक स्नेहभरा शब्द किसी मरीज के जीवन में नई रोशनी जला देता है।डीएम ने इस पहल को मानसिक स्वास्थ्य की दिशा में संवेदनशील प्रशासन का सशक्त कदम बताया।
सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने कहा जिला स्तर पर मानसिक रोगों की रोकथाम और परामर्श सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है यह कार्यशाला चिकित्सा अधिकारियों को मानसिक रोगियों की पहचान और इलाज के प्रति अधिक संवेदनशील बनाएंगी। कार्यशाला में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल संग सीएमओ डॉक्टर संतोष गुप्ता सहित विशेषज्ञों ने वृद्धजन महिलाओं को सहारा देने वाली स्टिक प्रदान की। मानसिक स्वास्थ्य कार्यशाला में जिले के अधीक्षक एवं चिकित्सक मौजूद रहे।
लखीमपुर खीरी : राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से संवेदीकरण कार्यशाला का हुआ आयोजन
