फर्रुखाबाद: पुलिस का सख्त एक्शन: धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकरों की आवाज़ पर कसी नकेल, 28 स्थानों पर की गई कार्यवाही

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 नवम्बर 2025 शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद फतेहगढ़ पुलिस द्वारा लाउडस्पीकर के विरुद्ध एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत विभिन्न थाना व कोतवाली क्षेत्रों में अनुमन्य सीमा से अधिक ध्वनि में चल रहे लाउडस्पीकरों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की गई।

अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, श्री आलोक सिंह तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर रेंज श्री हरीश चन्दर के कुशल मार्गदर्शन में जनपद पुलिस ने यह अभियान चलाया। इस दौरान कुल 28 धार्मिक स्थलों पर लगे अवैध ध्वनि विस्तारक यंत्रों को हटाया गया या उनकी ध्वनि को अनुमन्य सीमा के भीतर नियंत्रित कराया गया।

पुलिस टीमों ने संबंधित धार्मिक स्थलों के जिम्मेदार व्यक्तियों से शांतिपूर्ण वार्ता कर उन्हें शासन के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी तथा धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों को निर्धारित ध्वनि सीमा में बजाने के लिए निर्देशित किया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण मानकों का पालन अनिवार्य है। भविष्य में भी किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उद्देश्य:

इस अभियान का उद्देश्य धार्मिक सौहार्द, पर्यावरणीय संतुलन और आमजन की शांति सुनिश्चित करना है ताकि सभी समुदाय शासन की मर्यादाओं में रहते हुए अपने धार्मिक आयोजनों को संचालित कर सकें।