फर्रूखाबाद में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम के लिए कार्रवाई तेज़, 5 सदस्यीय समिति करेगी ब्लैक स्पॉट की जाँच

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 नवम्बर 2025 सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने सख़्त रुख अपनाया है। यातायात विभाग, फर्रूखाबाद से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद में चिन्हित 11 ब्लैक स्पॉटों पर वर्ष 2025 में अब तक कुल 29 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें 16 लोगों की मौत हुई है जबकि 25 व्यक्ति घायल हुए हैं।

इन गंभीर आंकड़ों को देखते हुए जिलाधिकारी ने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सुधारात्मक कार्यों की प्रभावी समीक्षा हेतु 5 सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), क्षेत्राधिकारी (यातायात), साइट इंजीनियर (NHAI), तथा अधिशासी अभियंता (प्रांतीय व निर्माण खंड), लोक निर्माण विभाग फर्रूखाबाद शामिल हैं।

समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी 11 ब्लैक स्पॉटों — चाचूपुर मोड़, जमापुर मोड़, निबिया चौराहा, जैतपुर, सकवई, रोहिला चौराहा, बृहमहत्त स्मारक, मसेनी चौराहा, महरूपुर सहजू मोड़, जसमई तिराहा और दमदमा मोड़ — पर किए गए अल्पकालीन एवं दीर्घकालीन सुधारात्मक कार्यों की विस्तृत जाँच करें।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि समिति 4 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट (आख्या) प्रस्तुत करे, जिसमें न केवल अब तक किए गए सुधारात्मक कार्यों का मूल्यांकन हो, बल्कि भविष्य में दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु आवश्यक अतिरिक्त उपायों का भी सुझाव दिया जाए। यह कदम जनपद में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और जनहानि को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।